मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रविवार को भारी बर्फबारी और बारिश की आशंका जताई गई है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, केरल और लक्ष्यद्वीप समेत 10 से अधिक राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम की यह गतिविधियां एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही हैं। यह विक्षोभ 2 और 3 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में सक्रिय रहेगा, जिससे भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी 3 मार्च को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, कुछ इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना रहेगा।
उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी
4 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। इस बारिश के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं, राजस्थान और गुजरात में बढ़ते तापमान पर भी ब्रेक लग सकता है।
खेती और पर्यटन पर असर
हाल ही में 26 फरवरी को आए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ी राज्यों में तबाही की स्थिति बन गई थी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में इस खराब मौसम के कारण खेती और पर्यटन दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा था।
खेलो इंडिया विंटर गेम्स की उम्मीद जगी
बर्फबारी की कमी के कारण रुके हुए खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 के दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 मार्च से 9 मार्च के बीच कोई नई मौसमीय गतिविधि नहीं दिख रही है। हालांकि, प्रशासन ने हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) का गठन किया गया है।
















Leave a Reply