उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक पलटी मारी है। शनिवार सुबह से उत्तर प्रदेश और दिल्ली में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे बढ़ती गर्मी से राहत मिली। हालांकि, अगले दो दिनों में गर्मी फिर से बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज बारिश की संभावना जताई है, वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में बर्फबारी का भी अनुमान है।
इस साल फरवरी से ही गर्मी का असर बढ़ने लगा था, और मार्च आते ही तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को उत्तर पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी तेज हवाएं चलेंगी, जिससे राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री के आसपास रह सकता है, और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

हरियाणा और पंजाब में बारिश की संभावना
चंडीगढ़ केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में रविवार को 40 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलेंगी, जिससे धूल भरी आंधी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इन राज्यों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक रह सकता है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहेगा, जिससे लू चलने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबादी हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने से मौसम ठंडा रहेगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना है। शिमला, मनाली और लाहौल-स्पीति जैसी जगहों पर बर्फबारी का पूरा अनुमान है। वहीं, महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा में रविवार को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे मुंबई में उमस बढ़ सकती है।
Leave a Reply