दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी
उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं ने तापमान गिरा दिया है, जिससे लोग कांपने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते 9 से 11 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। 11 मार्च को उत्तराखंड में भी मौसम बिगड़ सकता है, जिससे दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में ठंड का असर बरकरार रहेगा।
दिल्ली में ठंडी हवाएं और बादल, शुक्रवार से बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाएं चलेंगी और बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, शुक्रवार से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर ही बना रहेगा। 11 मार्च तक न्यूनतम तापमान बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट, 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
जहां दिल्ली ठंडी हवाओं से प्रभावित है, वहीं बिहार में आंधी-बारिश का संकट मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 8 मार्च को बिहार में आंधी, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा, 7 और 8 मार्च को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल स्तरों में असम और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में छिटपुट बारिश हो सकती है।
गर्मी बढ़ने के संकेत, तापमान में 4-6 डिग्री की बढ़ोतरी संभव
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मध्य भारत में भी अगले दो दिनों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।













Leave a Reply