मार्च के आखिरी हफ्ते में भारत के कई हिस्सों में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में सूरज की तपिश बढ़ गई है और लोग पसीने-पसीने होने लगे हैं। मई और जून जैसे हालात अब मार्च में ही बनने शुरू हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। दिल्ली-एनसीआर में आज यानी बुधवार को अधिकतर तापमान 39 से 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और तेज़ धूप पड़ेगी, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों में मौसम में कुछ बदलाव आएगा, तेज़ हवाएं चलेंगी और बादलों का डेरा आसमान में रहेगा, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आ सकती है।
पहाड़ों पर बिगड़ेगा मौसम
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब हो सकता है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यहां तेज़ हवाओं (गति 40-50 किमी प्रति घंटे) के साथ गरज के साथ तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक और केरल में भी बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
कई राज्यों में हीटवेव
मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च से 28 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, 26 और 27 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश, 26 से 28 मार्च के बीच उत्तराखंड और 26 और 27 मार्च को पंजाब में बारिश हो सकती है। इसके अलावा 28 और 29 मार्च को अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पूर्वी भारत में भी अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। तापमान में वृद्धि का असर गुजरात में भी रहेगा। गर्मी के साथ हीटवेव का असर राजस्थान, ओडिशा, और गुजरात में बने रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में उमस भरी गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।












Leave a Reply