Uttarakhand Religious Dispute: उत्तराखंड के मसूरी में टिहरी बाइपास रोड स्थित वाइनबर्ग एलेन स्कूल परिसर में बनी बाबा बुल्ले शाह की मजार को लेकर विवाद सामने आया है। शुक्रवार को इस मुद्दे पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मजार को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी और हंगामे की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पहले यहां केवल एक मजार थी, लेकिन धीरे-धीरे मजारों की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने इसे सुनियोजित कदम बताते हुए सवाल उठाया कि यदि स्कूल प्रबंधन मजार के लिए जमीन दे सकता है, तो उसी स्थान पर मंदिर निर्माण की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिला प्रशासन जल्द से जल्द इस मजार को हटाने की कार्रवाई करे।

प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भी दी कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो संगठन खुद मजार हटाने का प्रयास करेगा। इस बयान के बाद मौके पर माहौल और तनावपूर्ण हो गया, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति बिगड़ने से बच गई।
प्रशासन का पक्ष
नगर पालिका अधीक्षक अनिरुद्ध चौधरी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाते हुए कहा कि संबंधित मजार किसी भी सरकारी या वन विभाग की जमीन पर नहीं बनी है। उनके अनुसार यह मजार करीब 50 वर्षों से निजी भूमि पर स्थित है और यह जमीन वाइनबर्ग एलेन स्कूल की संपत्ति है। उन्होंने बताया कि मजार से जुड़े तथ्यों की जानकारी शासन और जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत हो गया, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। अब आगे के निर्णय शासन स्तर पर लिए जाने की बात कही जा रही है।















Leave a Reply