Uttarakhand Crime Control: Uttarakhand में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में अपराध और अव्यवस्था को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि हर तरह के अपराध पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में धामी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा हालात की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आदतन अपराधियों और संगठित गिरोहों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने पुलिस बल से पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली को मजबूत करने, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेने वालों या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर राहत नहीं दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे।
बैठक में अधिकारियों को नियमित रूप से कानून व्यवस्था की समीक्षा करने और हर स्तर पर जिम्मेदारी तय करने को कहा गया, ताकि प्रदेश में सुशासन और कानून का राज और मजबूत हो सके। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply