khabarhunt.in

खबर का शिकार

Uttarakhand Cabinet Meeting: देहरादून में मेट्रो निओ को हरी झंडी, मानव–वन्यजीव संघर्ष में मुआवज़ा बढ़ा — कैबिनेट ने लिए 7 अहम फैसले

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। कुल 10 प्रस्तावों में से 7 को मंजूरी मिली। बैठक की शुरुआत पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि देकर हुई और दो मिनट का मौन रखा गया।

कैबिनेट के प्रमुख फैसले
1. मानव–वन्यजीव संघर्ष में मुआवज़ा बढ़ा

अब ऐसे मामलों में मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। पहले यह राशि 6 लाख थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार वन्यजीव हमलों में घायल व्यक्तियों का पूरा उपचार खर्च सरकार वहन करेगी।

2. महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने की मंजूरी

दुकानों और प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिलाएँ अब रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक काम कर सकेंगी। हालांकि, इसके लिए महिला कर्मचारियों की लिखित सहमति अनिवार्य होगी।

3. देहरादून में मेट्रो निओ प्रोजेक्ट को कैबिनेट की मंजूरी

राजधानी देहरादून में मेट्रो निओ परियोजना शुरू करने पर मुहर लगी। केंद्रीय आवासन मंत्रालय द्वारा सुझाए गए प्रस्ताव को शामिल किया जाएगा। यह शहर में आधुनिक और सस्ती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है।

4. अभियोजन विभाग के ढांचे में विस्तार

अभियोजन विभाग के नए स्ट्रक्चर को मंजूरी मिली। इस ढांचे के तहत 86 नए पदों की स्वीकृति दी गई।

5. ऊर्जा निगम का वार्षिक प्रतिवेदन विधानसभा में पेश होगा

कैबिनेट ने ऊर्जा निगम की वार्षिक रिपोर्ट को विधानसभा की पटल पर रखने की स्वीकृति दी।

6. पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की रिपोर्ट विधानसभा में पेश होगी

पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की वार्षिक रिपोर्ट को भी विधानसभा में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।

7. दुकान अवस्थापना अधिनियम में संशोधन पर मंजूरी

केंद्रीय श्रम संहिता को अंगीकृत करते हुए राज्य में दुकान अवस्थापना अधिनियम में संशोधन को हरी झंडी मिल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *