khabarhunt.in

खबर का शिकार

UP News: योगी सरकार का बड़ा ऐलान – माफियाओं की संपत्ति से बने घर अब गरीबों को मिलेंगे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजधानी के डालीबाग इलाके में गरीबों को बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने यहां माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर बनाए गए 72 फ्लैटों का आवंटन किया। साथ ही दस लाभार्थियों को गृहस्थी की सामग्री भी सौंपी। ये फ्लैट लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा तैयार किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और व्यापारियों की संपत्ति हड़पने वाले माफियाओं का अब यूपी में बुरा हाल होगा। सरकार ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगी। जो माफिया गरीबों की जमीन पर कब्जा करेगा, उसका वही अंजाम होगा जो डालीबाग के डॉन का हुआ — उनकी जमीन अब गरीबों के घरों में तब्दील हो चुकी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “माफियागर्दी समाज के विकास में सबसे बड़ी रुकावट है। पहले की सरकारें इन माफियाओं के आगे झुक जाती थीं। कभी डीजीपी ऑफिस के सामने भी माफिया जमीन कब्जा लेते थे। लेकिन अब ऐसा उत्तर प्रदेश में नहीं होगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब प्रदेश में आए दिन कर्फ्यू लगता था और महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं। लेकिन अब यूपी असीमित संभावनाओं वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को अब तक 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, और यह “नए भारत का नया उत्तर प्रदेश” बन रहा है, जहां “माफिया की जमीन पर अब गरीब रह रहे हैं।”

योगी ने बताया कि पिछले साढ़े आठ सालों में 60 लाख गरीबों को आवास मिल चुका है। अब एलडीए और आवास विकास परिषद से कहा गया है कि वे और योजनाएं लाएं ताकि हर जरूरतमंद को घर मिल सके। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यसभा सदस्य बृजलाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, मेयर सुषमा खर्कवाल और कई विधायक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *