UP News: मुलायम परिवार में मचा घमासान, अपर्णा यादव से अलग होंगे प्रतीक, इंस्टाग्राम पोस्ट में छलका दर्दउत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का एलान किया है। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए दी।
@iamprateekyadav नाम के अकाउंट से साझा पोस्ट में प्रतीक ने लिखा कि वह जल्द ही अपर्णा से तलाक लेने जा रहे हैं। पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा ने उनके परिवारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचाया है और वह सिर्फ प्रसिद्धि और प्रभाव बढ़ाने की चाह रखती हैं। प्रतीक ने यह भी कहा कि उनकी मानसिक स्थिति बेहद खराब है, लेकिन अपर्णा को इसकी कोई परवाह नहीं है, क्योंकि वह केवल अपनी चिंता करती हैं। उन्होंने खुद को बदकिस्मत बताते हुए कहा कि उनकी शादी उनसे हुई।

हालांकि, अभी तक इस पोस्ट की न तो प्रतीक यादव और न ही अपर्णा यादव के परिवार की ओर से आधिकारिक पुष्टि हुई है। परिजनों का कहना है कि अपर्णा फिलहाल बाहर हैं और संभव है कि किसी ने प्रतीक का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया हो।
2011 में हुई थी शादी
अपर्णा यादव और प्रतीक की शादी साल 2011 में हुई थी। इससे पहले दोनों करीब आठ साल तक दोस्त रहे थे, जिसका जिक्र अपर्णा ने एक इंटरव्यू में किया था। उनकी शादी उस समय काफी चर्चित रही थी, जिसमें अनिल अंबानी और अमिताभ बच्चन जैसे कई बड़े सेलेब्रिटी शामिल हुए थे।
अपर्णा बिष्ट यादव ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री ली है, जबकि प्रतीक यादव ने लीड्स यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। दोनों की एक बेटी प्रथमा है। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं।
फिलहाल अपर्णा यादव यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। तलाक की खबर के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।















Leave a Reply