khabarhunt.in

खबर का शिकार

UP में सख्ती: अब पुलिसकर्मियों के भी कटेंगे चालान, 15 दिन का विशेष अभियान

वाराणसी में पुलिस वाहन चालकों को यातायात नियमों के सख्त पालन के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। ट्रैफिक लाइन सभागार में हुई इस कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को वाहन चलाते समय अनुशासन, सुरक्षा और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में तय किया गया कि आने वाले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, और इसमें यदि कोई पुलिसकर्मी ट्रैफिक नियम तोड़ता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी उसी तरह कार्रवाई होगी जैसे आम नागरिकों के खिलाफ होती है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने साफ कहा कि बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट या नियम तोड़कर चलने वाले पुलिसकर्मियों पर चालान से लेकर विभागीय कार्यवाही तक की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि “अच्छा ड्राइवर वही है जो सुरक्षित पहुंचाए—और जब तक हम खुद नियम नहीं मानेंगे, दूसरों पर कार्रवाई करना नैतिक नहीं होगा।”

कार्यशाला में पुलिस चालकों को सिग्नल का पालन, वन-वे का सम्मान, तेज गति से बचना, अनावश्यक हॉर्न या सायरन का उपयोग न करना, शराब पीकर वाहन न चलाना, हेलमेट-सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, सही पार्किंग और HSRP नंबर प्लेट लगाने जैसे निर्देश विस्तार से दिए गए।

कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त शिवहेरी मीणा, पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *