सुबह जब अलार्म बजता है, तो हम में से ज़्यादातर लोग उसे तुरंत बंद करने की बजाय “स्नूज” बटन दबा देते हैं और सोचते हैं कि चलो 5-10 मिनट और सो लें। लेकिन यह कुछ मिनटों की नींद हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। हाल ही में हुई एक रिसर्च के मुताबिक, बार-बार स्नूज बटन दबाने की आदत से दिनभर थकान बनी रह सकती है, चिड़चिड़ापन महसूस होता है और शरीर का वजन भी बढ़ सकता है। साथ ही, इससे नींद की क्वालिटी पर भी असर पड़ता है, जिससे बाकी दिन भी अस्त-व्यस्त हो सकता है।

हाल ही में मास जनरल ब्रिघम के वैज्ञानिकों ने एक बड़ा अध्ययन किया, जिसमें 21 हज़ार से ज़्यादा लोगों की नींद से जुड़ी 30 लाख से अधिक रिकॉर्डिंग्स का विश्लेषण किया गया। रिसर्च में सामने आया कि करीब 56% लोग हर सुबह अलार्म बजने के बाद “स्नूज़” बटन दबाते हैं, और औसतन 11 मिनट ज़्यादा सोते हैं। कुछ लोग तो रोज़ 20 मिनट तक स्नूज़ करते रहते हैं। शुरू में ये कुछ मिनट मीठी नींद ज़रूर लगती है, लेकिन लंबे समय में ये आदत नींद की क्वालिटी, मूड और एनर्जी लेवल पर बुरा असर डाल सकती है।

नींद के विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह की नींद में हमारे शरीर को सबसे ज़्यादा ज़रूरी “REM स्लीप” होती है। यह वो स्टेज होती है, जब दिमाग और शरीर खुद की मरम्मत करते हैं, याददाश्त मजबूत होती है और थकावट दूर होती है। लेकिन जब आप बार-बार स्नूज़ बटन दबाते हैं, तो आपकी REM स्लीप बार-बार टूटती है। नतीजा ये होता है कि आप गहरी नींद से हल्की नींद में चले जाते हैं। ऐसे में सुबह उठने पर आप खुद को फ्रेश महसूस करने की बजाय और ज़्यादा थका हुआ, चिड़चिड़ा या सुस्त महसूस करते हैं।

शोध में सामने आया है कि सोमवार से शुक्रवार के बीच लोग सबसे ज्यादा बार स्नूज़ बटन दबाते हैं, जबकि शनिवार और रविवार को ये आदत कम देखी गई। इससे ये साफ होता है कि हमारी बिज़ी लाइफस्टाइल, लगातार काम का प्रेशर और अलार्म से बंधा हुआ रूटीन, हमें ठीक से सोने नहीं देता। जब वीकेंड आता है और थोड़ा आराम का वक्त मिलता है, तो लोग बिना अलार्म के ही ज्यादा ताजगी के साथ उठते हैं।

स्नूज़ बटन दबाने की आदत से आपकी नींद का पैटर्न बिगड़ जाता है। इसके साथ ही यह आदत थकान, चिड़चिड़ापन, मोटापा, ध्यान की कमी और हॉर्मोनल असंतुलन जैसे गंभीर असर भी पैदा कर सकती है। नींद के विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अलार्म को उसी समय सेट करें जब आपको सचमुच उठना हो और पहली बार में ही उठ जाएं। इससे आपकी नींद की गुणवत्ता बेहतर होगी और पूरा दिन आप तरोताजा और ऊर्जावान महसूस करेंगे।
















Leave a Reply