सागर धनखड़ हत्याकांड में मिली जमानत, 50 हजार के निजी मुचलके पर रिहाई
दिल्ली हाई कोर्ट ने ओलंपियन पहलवान सुशील कुमार को बड़ी राहत देते हुए सागर धनखड़ हत्याकांड में जमानत दे दी है। यह मामला राजधानी के छत्रसाल स्टेडियम में हुए उस हिंसक झगड़े से जुड़ा है, जिसमें पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन सागर धनखड़ की मौत हो गई थी। सुशील कुमार और अन्य आरोपियों पर संपत्ति विवाद के चलते सागर और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
साढ़े तीन साल बाद जेल से मिली राहत
सुशील कुमार के वकील आर. के. मलिक ने कोर्ट में दलील दी कि उनके मुवक्किल पिछले साढ़े तीन साल से जेल में बंद हैं। अभियोजन पक्ष ने इस मामले में 200 गवाहों की सूची पेश की थी, लेकिन अब तक सिर्फ 31 गवाहों की ही गवाही पूरी हो पाई है। वकील ने तर्क दिया कि इस केस के निपटारे में लंबा वक्त लगेगा, इसलिए सुशील को जमानत मिलनी चाहिए। जस्टिस संजीव नरूला ने इस पर सहमति जताई और उन्हें 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानतें भरने के आदेश के साथ जमानत दे दी।

2 जून 2021 को हुई थी गिरफ्तारी
सागर धनखड़ हत्याकांड में सुशील कुमार को 2 जून 2021 को गिरफ्तार किया गया था। जुलाई 2023 में उन्हें घुटने की सर्जरी के लिए सात दिन की अंतरिम जमानत मिली थी। उनके घुटने में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी। इसी आधार पर कोर्ट ने उन्हें 23 से 30 जुलाई तक राहत दी थी।
वीडियो आया था सामने
इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें सुशील कुमार के हाथ में एक डंडा नजर आ रहा था। दावा किया गया था कि यह वीडियो उस समय का है जब सागर धनखड़ की हत्या हुई थी। इसमें सुशील, सागर धनखड़, सोनू महाल और उनके दोस्तों को पीटते हुए दिखाई दे रहे थे।
वीडियो में सागर धनखड़ जमीन पर पड़े सुशील कुमार के सामने हाथ जोड़ते नजर आए थे। इसके अलावा, एक व्यक्ति के हाथ में रिवॉल्वर या कट्टा जैसा हथियार भी दिख रहा था। इसी वीडियो में काला आसौदा गैंग और नीरज बवानिया गैंग के बदमाशों के शामिल होने के भी दावे किए गए थे। सभी के हाथ में डंडे और लाठियां देखी गई थीं। फॉरेंसिक जांच में इस वीडियो को सही पाया गया था।













Leave a Reply