भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी मामले को लेकर जबलपुर हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके बाद विजय शाह ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी मंत्री विजय शाह को राहत नहीं दी, बल्कि सख्त लहजे में फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा –”आप मंत्री हैं, तो क्या सिर्फ आपकी ही बात सुनी जाए?” सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद विजय शाह की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब सभी की निगाहें अगली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह को सुप्रीम कोर्ट में उस समय फटकार का सामना करना पड़ा जब उनके वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) से अपील की कि हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होनी है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट में आज ही याचिका पर सुनवाई की जाए। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्ती से जवाब देते हुए कहा कि “अगर हाईकोर्ट में सुनवाई है, तो आप वहीं जाइए। सिर्फ इसलिए कि आप मंत्री हैं, इसका मतलब ये नहीं कि आपको अलग से प्राथमिकता दी जाए।” सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि एक मंत्री को बोलने में जिम्मेदारी दिखानी चाहिए। अब इस मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी, जिसकी तैयारी में विजय शाह जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वे कोर्ट में नामी वकीलों की टीम खड़ी करेंगे, जिसमें कपिल सिब्बल, विवेक तंखा, इंदिरा जय सिंह और केटीएस तुलसी जैसे दिग्गज शामिल होंगे।

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की परेशानी और बढ़ सकती है, क्योंकि जबलपुर हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। गुरुवार को इस मामले की सुनवाई जस्टिस अतुल श्रीधर और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की बेंच में हो रही है। मंत्री विजय शाह का केस टॉप ऑफ द लिस्ट में रखा गया है। सुनवाई के दौरान अदालत में एफआईआर की रिपोर्ट पेश की जाएगी। हाईकोर्ट ने बुधवार को ही संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। दरअसल, विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दिया था, जिस पर काफी बवाल मचा हुआ है। इस बयान के बाद उनके इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस समेत आम लोग भी उनसे इस्तीफा मांग रहे हैं, हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट हाईकमान को भेज दी है और ऐसा माना जा रहा है कि गुरुवार को विजय शाह के खिलाफ कोई कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल विजय शाह लगातार माफी मांग रहे हैं, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।













Leave a Reply