Schools Reopen In Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद शुक्रवार से स्कूलों में फिर से चहल-पहल लौट आई। सुबह घने कोहरे और तेज सर्दी के बीच बच्चे विद्यालय पहुंचे और प्रार्थना सभा में शामिल हुए। कई स्कूल परिसरों और रास्तों में अलाव की व्यवस्था की गई थी, जहां बच्चों ने हाथ तापकर ठंड से राहत ली। सुबह करीब साढ़े दस बजे के बाद हल्की धूप निकलने से मौसम कुछ अनुकूल हुआ।
विद्यालयों में शिक्षकों ने नियमित रूप से कक्षाएं संचालित कीं और इस ठंड में स्कूल पहुंचने वाले बच्चों की सराहना की। वहीं, लंबे अवकाश के बाद साथियों से मिलकर बच्चे भी उत्साहित और खुश दिखाई दिए।
सत्रीय परीक्षाएं और निपुण आकलन की शुरुआत

स्कूल खुलते ही दो अहम शैक्षणिक गतिविधियां सत्रीय परीक्षाएं और निपुण आकलन शुरू होने जा रही हैं। हालांकि, एसआईआर प्रणाली से जुड़े कार्यों में कई शिक्षक अभी व्यस्त हैं, जिससे एक साथ दोनों प्रक्रियाओं को पूरा करना विद्यालयों के लिए चुनौती बन सकता है। स्कूलों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। ठंड की गंभीरता को देखते हुए कुछ जिलों में अभी भी विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया जा सकता है।
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहा, जबकि 15 जनवरी को मकर संक्रांति के कारण सार्वजनिक अवकाश था। इन छुट्टियों के बाद शुक्रवार से स्कूल पुनः खुल गए हैं। स्कूल खुलने के कुछ ही दिनों बाद, 24 जनवरी से सत्रीय परीक्षाएं शुरू होंगी, जो 31 जनवरी तक चलेंगी। बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षाओं के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। राहत की बात यह है कि परीक्षाएं दिसंबर तक पढ़ाए गए पाठ्यक्रम के आधार पर होंगी और प्रश्नपत्र विद्यालय स्तर पर ही तैयार किए जाएंगे।















Leave a Reply