khabarhunt.in

खबर का शिकार

Sambhal News: संभल में सांसद जियाउर रहमान वर्क समेत हजारों मुसलमान पहुंचे ईदगाह, भारी सुरक्षा बल के बीच अदा की गई नमाज

Sambhal eid juma

रमजान का पाक महीना समाप्त हो चुका है और आज देशभर में ईद-उल-फितर की धूम है। देश के सभी मुसलमानों ने अपने-अपने इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की। हर जगह गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी गई और जश्न का माहौल था। ईद के अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए थे ताकि शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।

उत्तर प्रदेश में ईद के मौके पर विशेष सुरक्षा की गई थी। संभल, मेरठ, लखनऊ और प्रयागराज में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संभल के ईदगाह के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई थी। सांसद जियाउर रहमान वर्क समेत हजारों मुसलमानों ने ईदगाह पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की और अमन-चैन के लिए दुआ की।

sambhal masjid
sambhal masjid

संभल में मुसलमानों ने अमन-चैन की दुआ की

नमाज अदा करने के बाद संभल में मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना था कि उन्होंने दुआ की है कि संभल में पहले जैसी हिंसा फिर कभी न हो, हिंदू-मुस्लिम भाईचारा बना रहे और संभल में पूर्ण रूप से अमन और शांति हो। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आह्वान पर मुसलमानों ने यह भी कहा कि वे वक्फ संशोधन बिल का विरोध करते हैं, लेकिन काली पट्टी नहीं बांधी, क्योंकि ईद के दिन नए कपड़े पहनना जरूरी होता है। वहीं, संभल के सांसद जियाउर रहमान वर्क ने भी दुआ की कि जो बेगुनाह लोग गिरफ्तार किए गए हैं, उनकी जल्द से जल्द रिहाई हो और संभल में शांति बनी रहे।

कुछ स्थानों पर काली पट्टी बांधकर अदा की गई नमाज

ईद के इस खास मौके पर कुछ स्थानों पर मुसलमानों ने काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की। यह कदम ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आह्वान पर वक्फ संशोधन बिल के विरोध में उठाया गया था। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में भी काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की गई। इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी वक्फ बिल के विरोध में यह कदम उठाया गया।

पीएम मोदी ने ईद-उल-फितर की दी बधाई

देश के कई हिस्सों में रविवार शाम ईद-उल-फितर का चांद नजर आने के साथ ही रमजान का महीना समाप्त हो गया और सोमवार को देशभर में ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ावा देता है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “ईद-उल-फितर की हार्दिक बधाई। यह त्योहार आपके जीवन में खुशहाली लाए और आपके सभी प्रयासों में सफलता मिले। ईद मुबारक।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *