उत्तराखंड के रुड़की स्थित प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र में सिंचाई विभाग ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। गंगनहर पटरी और कांवड़ मार्ग के आसपास सरकारी जमीन पर कब्जा कर कॉलोनियां बसाने और रास्ते बनाने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने साफ तौर पर कहा है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ने पर बुलडोजर चलाकर निर्माण हटाए जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, गंगनहर पटरी के आसपास कुछ भू-माफियाओं ने नियमों की अनदेखी करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनियां विकसित कर दी हैं। इतना ही नहीं, सिंचाई विभाग की अनुमति के बिना पक्के रास्ते भी बना लिए गए हैं। अब विभाग ने ऐसे सभी अवैध रास्तों और निर्माणों को हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कब्जा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पेड़ कटान की भी होगी जांच
मामला केवल जमीन पर कब्जे तक सीमित नहीं है। नहर पटरी के किनारे बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ों को काटने की शिकायत भी सामने आई है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही विकास प्राधिकरण को भी निर्देश दिए गए हैं कि इन अवैध कॉलोनियों के नक्शे पास न किए जाएं और इन्हें बिजली-पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध न कराई जाएं।
स्पेशल टीम करेगी निगरानी
अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि सिंचाई विभाग की जमीन पर जहां भी अवैध रास्ते या निर्माण पाए जाएंगे, उन्हें तुरंत हटाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम गठित करने की तैयारी की जा रही है। विभाग के इस कड़े रुख के बाद इलाके में सक्रिय भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन कब से इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू करता है।















Leave a Reply