Republic Day News: गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों के तहत शनिवार, 24 जनवरी को एक बार फिर परेड की रिहर्सल आयोजित की जाएगी। यह रिहर्सल सुबह 10.15 बजे विजय चौक से शुरू होकर इंडिया गेट तक जाएगी। परेड के दौरान सुचारू संचालन के लिए यातायात व्यवस्था में कई अस्थायी बदलाव किए गए हैं और कुछ मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेंगे।
दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुबह 10.15 बजे से 12.30 बजे के बीच परेड मार्ग से बचें और यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की योजना बना लें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने का आग्रह किया गया है।
सुरक्षा कारणों से पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर, हैंग ग्लाइडर, ड्रोन, यूएवी, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून, क्वाडकॉप्टर और पैरा-जंपिंग जैसे सभी सब-कन्वेंशनल एरियल प्लेटफॉर्म पर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एक फरवरी तक पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
परेड का निर्धारित मार्ग:
विजय चौक – कर्तव्य पथ – इंडिया गेट

ट्रैफिक प्रतिबंध:
– सुबह 10.15 से 12.30 बजे तक कर्तव्य पथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
– रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड से कर्तव्य पथ की ओर कोई क्रॉस ट्रैफिक नहीं चलेगा, जब तक परेड समाप्त नहीं हो जाती।
– इस अवधि में इंडिया गेट क्षेत्र पूरी तरह ट्रैफिक के लिए बंद रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग:
मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, सिकंदरा रोड, फिरोजशाह रोड, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और मोतीलाल नेहरू मार्ग से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात से जुड़े ताजा अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक पेज, X हैंडल, इंस्टाग्राम पेज, व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इधर, 26 जनवरी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ दिल्ली मंडल के सुरक्षा आयुक्त चेतन दिजिचकार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया, जिसमें प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल और सर्कुलेटिंग एरिया की बारीकी से जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस सामान और कूड़ेदानों की भी विशेष तलाशी ली गई। यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।











Leave a Reply