Republic Day Celebration: राजधानी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और दिल्लीवासियों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में देश के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि जिन वीरों ने तिरंगे की गरिमा और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, उन्हीं के बलिदान से हमें यह गणतंत्र, स्वाभिमान और आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान देश की आत्मा है, जिसने पिछले 77 वर्षों से न्याय, समानता और सम्मान के मूल्यों के साथ देश को दिशा दिखाई है।

उन्होंने आगे कहा कि संविधान निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा को देश कभी नहीं भूल सकता। संविधान आज भी हमारे लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव बना हुआ है और हर नागरिक को उसके अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराता है।
पिछले ग्यारह महीनों में सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार ने दिल्ली की जिम्मेदारी संभाली, तो कई पुरानी समस्याएं सामने थीं। वर्षों से जमी अव्यवस्थाओं और बाधाओं को दूर करना सबसे बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को आधार बनाकर सरकार ने बीते ग्यारह महीनों में जनता के हित में कई अहम निर्णय लिए, जिनका उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन लाना रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज से सभी को अपने शहर और देश के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि विकसित दिल्ली के सपने को गति मिल सके।
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने इसे बदलती हुई दिल्ली और नए भारत की नई तस्वीर बताते हुए राजधानी के सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।













Leave a Reply