Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। बादलों की मौजूदगी के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे सुबह और शाम की सर्दी से लोगों को कुछ राहत मिली है। रविवार को राज्य के 10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। विभाग ने इस सप्ताह प्रदेश में मावठ की शुरुआत की संभावना जताई है। इसके साथ ही 22 जनवरी को छह जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में मौसम साफ रहा, जबकि जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। बादलों के प्रभाव से इन संभागों के अधिकांश जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रविवार को जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और झुंझुनूं में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस करौली में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सुबह के समय अलवर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं में कोहरे की स्थिति भी देखने को मिली।
दिन के तापमान में गिरावट
राज्य के विभिन्न शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में भी कमी आई। बाड़मेर में 28, जैसलमेर में 24.3, जोधपुर में 27.2, उदयपुर में 25.2, कोटा में 25.5, जयपुर में 26, अजमेर में 25.7 और अलवर में 21.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जवाई (पाली) में 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा।












Leave a Reply