khabarhunt.in

खबर का शिकार

Punjab News:मानसा में दर्दनाक हादसा, PRTC बस की टक्कर से दो बच्चियों की मौत

मानसा। पंजाब के मानसा जिले के कस्बा झुनीर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पीआरटीसी की बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी पर सवार दो सगी बहनें बस के नीचे आकर मौके पर ही जान गंवा बैठीं। हादसे में स्कूटी चालक पिता और एक बच्चा बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, शिंदर राम अपनी बेटी सोनू कौर (12 साल) और मीना कौर (8 साल) के साथ स्कूटी पर स्कूल छोड़ने के लिए जा रहा था। स्कूटी पर एक और बच्चा जस्सी राम भी सवार था। सुबह के समय मेन रोड पर पीछे से आ रही पीआरटीसी बस ने अचानक स्कूटी को टक्कर मार दी। इस टक्कर में सोनू और मीना कौर बस के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिंदर राम और जस्सी राम जख्मी हुए, जिन्हें राहगीरों की मदद से सिविल अस्पताल सरदूलगढ़ पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों संदीप राम और मेवा राम ने बताया कि यह हादसा बहुत ही अचानक हुआ और स्कूटी चालक कोई मौका नहीं पा सका। मृतक बच्चियों में सोनू कौर सातवीं कक्षा की छात्रा थी और मीना कौर तीसरी कक्षा में पढ़ती थी।

थाना झुनीर के इंचार्ज लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीआरटीसी बस और चालक रणजीत सिंह (गांव उभ्भा) को कब्जे में ले लिया है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मृतक परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर पहल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *