प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना — नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) के पहले चरण का भव्य उद्घाटन किया। यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP)मॉडल पर विकसित की गई है और इसके पहले फेज के निर्माण में 19,650 करोड़ रुपये की लागत आई है।
एनएमआईए को मुंबई महानगर क्षेत्र के दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया गया है। यह मौजूदा छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA)के साथ मिलकर काम करेगा, जिससे मुंबई में हवाई यातायात का दबाव कम होगा और शहर को ग्लोबल मल्टी-एयरपोर्ट सिस्टम की श्रेणी में शामिल किया जा सकेगा।
उड़ानें कब से शुरू होंगी?
नवी मुंबई एयरपोर्ट से दिसंबर 2025 से नियमित हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी। वहीं, यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग अक्टूबर के अंत तक शुरू होने की संभावना है। शुरुआती चरण में इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एयरलाइंस यहां से उड़ानें संचालित करेंगी।
डिजिटल सुविधाओं से लैस एयरपोर्ट
एनएमआईए को भारत का पहला पूर्णतः डिजिटल हवाई अड्डा बताया जा रहा है। यात्रियों को यहां वाहन पार्किंग स्लॉट की प्री-बुकिंग, ऑनलाइन बैगेज ड्रॉप, और डिजिटल इमिग्रेशन सेवाओं जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
अडानी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के सीईओ अरुण बंसल के अनुसार, यात्रियों को अपने मोबाइल पर एक संदेश मिलेगा जो यह बताएगा कि उनका सामान किस कैरोसेल नंबर पर उपलब्ध है।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत के एविएशन सेक्टर में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है, जो आधुनिकता, तकनीक और पर्यावरण-अनुकूल निर्माण का प्रतीक बनकर उभरेगा।















Leave a Reply