Noida Traffic News: दिल्ली के कालिंदी कुंज से लेकर नोएडा सेक्टर-123 तक रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। इस समस्या को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने एमपी-3 (मास्टर प्लान रोड नंबर-3) मार्ग के लिए एक विशेष सुधार योजना तैयार की है। शुक्रवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने इस पूरे मार्ग का निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने सड़क की चौड़ाई, यातायात दबाव, सर्विस रोड की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान कई ऐसी खामियां सामने आईं, जिनके कारण सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर लंबा जाम लग जाता है। अधिकारियों को इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
खास तौर पर सेक्टर-73 स्थित एसआरएस अस्पताल से सेक्टर-70 की ओर जाने वाला मार्ग, सेक्टर-121 और कीलों काउंटी सोसायटी के पास अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन इलाकों में थोड़ी सी रुकावट भी पूरे रास्ते को प्रभावित कर देती है।
सीईओ ने सर्विस रोड की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई। कई जगहों पर संकरी सर्विस रोड और अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर सर्विस रोड को चौड़ा करने और अतिक्रमण हटाने जैसे उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा होशियारपुर और सर्फाबाद गांव के पास बने बैंक्वेट हॉल भी ट्रैफिक अव्यवस्था की बड़ी वजह माने जा रहे हैं। शाम के समय यहां होने वाले आयोजनों के दौरान सड़क किनारे वाहन खड़े होने से लंबा जाम लग जाता है। महामाया फ्लाईओवर सेक्टर-37 यू-टर्न, सेक्टर-34, सेक्टर-52, सेक्टर-71 बाबा बालकनाथ मंदिर, सेक्टर-72 और सेक्टर-73 के आसपास भी जाम की समस्या ज्यादा देखी जाती है।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार एमपी-3 मार्ग शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है और यहां वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है।















Leave a Reply