रेल प्रशासन ने वीकेंड के लिए की तैयारियां

हादसे के बाद रेल प्रशासन ने आगामी वीकेंड के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेलवे का मुख्य ध्यान शुक्रवार की भीड़ को नियंत्रित करने पर है। महाकुंभ स्नान के आखिरी दिन 26 फरवरी को भारी भीड़ की उम्मीद है, जिससे दिल्ली से प्रयागराज के लिए यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। रेलवे प्रशासन शुक्रवार को भी शनिवार जैसी स्थिति की आशंका जता रहा है और इसे नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भीड़ की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन पर होने वाली भीड़ का लाइव मॉनिटरिंग किया जाएगा। स्टेशन पर मौजूद स्टाफ और गेट पर मौजूद कर्मी यात्रियों की संख्या का अनुमान लगाकर उन्हें नियंत्रित करेंगे। यदि भीड़ अधिक होती है, तो गेट पर एंट्री रोक दी जाएगी।
प्लेटफार्म टिकट बंद करने का असर दिखा
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट बंद करने का असर दिखने लगा है। दिनभर यात्रियों के साथ आए लोगों को स्टेशन के बाहर ही लौटना पड़ा। हालांकि, शाम को फिर से भीड़ बढ़ गई, और कई लोग बिना टिकट के ही अंदर चले गए।
भीड़ नियंत्रण के लिए ट्रेन के आगमन से पहले सुरक्षा उपाय
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्म पर ट्रेन के आगमन से पहले रस्सियां बांधी जाएंगी और बांस की बल्ली लगाई जाएगी। ट्रेन के खड़ी होने के दो मिनट बाद गेट खोले जाएंगे, ताकि यात्रियों को लाइन में खड़ा कर उन्हें ट्रेन में चढ़ाया जा सके।
नई दिल्ली स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाते हुए छह इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को तैनात किया गया है। इनमें से कई अधिकारी पहले स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के तौर पर काम कर चुके हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
घटना की जांच शुरू
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे की गठित समिति सभी सबूतों का विश्लेषण कर रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान शामिल हैं। सबूतों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।














Leave a Reply