Maha Shivratri Celebration: महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ कांवड़ियों के दल लगातार मंदिरों की ओर बढ़ते रहे। डीजे की धुनों और भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर रात से ही श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने लगे थे और रविवार तड़के शिवालयों में जलाभिषेक की शुरुआत हो गई। प्रशासन ने इस दौरान विशेष सतर्कता बरती।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कई भक्त हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौटे और पूरे दिन शहर में कांवड़ियों की आवाजाही बनी रही। कोई परिवार संग, तो कोई दोस्तों के साथ कांवड़ लेकर शिवधाम की ओर बढ़ता दिखा।
कांवड़िये भक्ति गीतों पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। शिव-पार्वती की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं कांठ रोड, दिल्ली रोड, बुध बाजार, कोर्ट रोड और रोडवेज समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, शरबत और जलपान की व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिरों की विशेष सजावट
महाशिवरात्रि के मद्देनजर शहर के प्रमुख मंदिरों को रंगीन रोशनी और फूलों से सजाया गया। चौरासी घंटा मंदिर, झारखंडी मंदिर, प्राचीन श्री शिव मंदिर, सीता-राम मंदिर और ऋणमुक्तेश्वर मंदिर सहित कई मंदिरों में एक सप्ताह पहले से ही सजावट का काम चल रहा था।
जलाभिषेक का धार्मिक महत्व
प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान विद्वानों ने जलाभिषेक के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा वाचक ने बताया कि भगवान शिव और राम के नाम का जाप करते हुए जल चढ़ाने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। पूरे परिसर में ‘ॐ नमः शिवाय’ के मंत्र गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पूरे शहर को नौ जोन और 25 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस बल के साथ पीएसी जवान भी तैनात किए गए हैं। मंदिर परिसरों में सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है ताकि भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो।
सिविल डिफेंस भी सक्रिय
नागरिक सुरक्षा की टीमों को भी विभिन्न मार्गों पर तैनात किया गया, जिससे बाहर से आने वाले कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और सुचारु बनी रहे। स्वयंसेवक पूरे दिन श्रद्धालुओं की मदद करते नजर आए।
कुल मिलाकर, महाशिवरात्रि पर पूरा शहर आस्था, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा दिखाई दिया।














Leave a Reply