khabarhunt.in

खबर का शिकार

Haridwar Religious Guidelines: बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक, रील-वीडियो और ड्रोन पूरी तरह प्रतिबंधित

Haridwar Religious Guidelines

Haridwar Religious Guidelines: हरिद्वार स्थित विश्वप्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर अब नियमों को और कड़ा कर दिया गया है। घाट क्षेत्र में जगह-जगह सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि अहिंदुओं का प्रवेश निषिद्ध है। साथ ही तीर्थस्थल की गरिमा को ध्यान में रखते हुए हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

इसके अलावा घाटों पर फिल्मी गानों पर वीडियो या रील बनाने पर भी प्रतिबंध लागू किया गया है। श्रीगंगा सभा ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन कर सोशल मीडिया पर वीडियो या रील वायरल करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

दरअसल, कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया था, जिसमें दो युवक अरबी वेशभूषा में घाटों पर घूमते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने इसे धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताया।

वायरल वीडियो में दोनों युवक खुद को दुबई का निवासी बता रहे थे। तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि इस तरह के वीडियो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और इससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भी संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है।

Haridwar Religious Guidelines

गौरतलब है कि इन दिनों श्रीगंगा सभा हरिद्वार के घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्था व अनुशासन को लेकर लगातार मंथन कर रही है। सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और इसे जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश माना जा रहा है। वहीं, सचिव उज्जवल पंडित ने कहा कि पूरे प्रकरण की सूचना संबंधित पुलिस चौकी को दी जा चुकी है।

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *