गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक रेस्टोरेंट में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ बदमाश लाठी-डंडों के साथ वहां घुस आए और जमकर तोड़फोड़ मचाई। यह घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र की है, जहां 7 जून 2025 की रात करीब 11:30 बजे “अपनी रसोई” नाम के रेस्टोरेंट में हमला हुआ।
रेस्टोरेंट के मालिक अक्षित त्यागी के मुताबिक, बदमाशों ने बिलिंग काउंटर पर बैठे मैनेजर से मारपीट की, रेस्टोरेंट की कुर्सियां, मेज, लैपटॉप और बिलिंग मशीन तोड़ दी। इतना ही नहीं, हमलावरों ने काउंटर से 1760 रुपये भी लूट लिए। इस दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज व स्थानीय लोगों की मदद से अगले ही दिन तीन बदमाशों को एएलटी कट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजदीप त्यागी (34), अंशी त्यागी (19) और मोन्टी जाट उर्फ मनीष चौधरी (22) शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि 6 जून को खाने की देरी को लेकर हुए विवाद के चलते उन्होंने बदला लेने की ठानी थी।
पुलिस के अनुसार, राजदीप त्यागी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि मोन्टी जाट पर चोरी का केस दर्ज है। तीनों के खिलाफ अब गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।















Leave a Reply