khabarhunt.in

खबर का शिकार

Dwarka Court Bomb Threat: ई-मेल से द्वारका कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Dwarka Court Bomb Threat

Dwarka Court Bomb Threat: राजधानी दिल्ली के द्वारका कोर्ट परिसर में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी एक ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत सतर्क हो गए।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। कोर्ट परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। वहीं, साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच में जुटी हुई है। फिलहाल जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

गुरुग्राम के 13 निजी स्कूलों को भी मिली बम धमकी

Dwarka Court Bomb Threat

उधर, हरियाणा के गुरुग्राम में भी बुधवार सुबह हड़कंप मच गया, जब साइबर सिटी के 13 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल प्राप्त हुए। इन ई-मेल के सामने आते ही स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन में खलबली मच गई।

एहतियात बरतते हुए स्कूलों में तुरंत छुट्टी घोषित कर दी गई और पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

धमकी भरे ई-मेल उस समय मिले, जब कई स्कूलों में बच्चे पहुंच चुके थे या रास्ते में थे। अलग-अलग समय पर मिले इन ई-मेल के बाद बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और एसडीआरएफ की टीमें भी जांच में शामिल हो गईं।

टीमों ने स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भी गहन जांच की। कक्षाओं, शौचालयों, खेल मैदानों, गमलों और हर संभावित स्थान को बारीकी से खंगाला गया। जांच के बाद किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी है, जिसने यह ई-मेल भेजे, और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि धमकी के पीछे वास्तविक मंशा क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *