दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अब बादलों, बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से कुछ राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक राजधानी दिल्ली में सप्ताह की शुरुआत के साथ ही मौसम में बदलाव देखा गया है और कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चली हैं।
रविवार (15 मार्च) को आसमान में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई थी। सुबह से ही कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हवाएं चलती देखी गईं। हवा की रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जबकि कुछ झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली के मयूर विहार, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार (16 मार्च) को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मंगलवार (17 मार्च) को भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रह सकता है और दिन भर हवाएं चलती रहेंगी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं बुधवार (18 मार्च) को शहर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
यूपी, राजस्थान और एमपी में भी बदलेगा मौसम
मौसम में आए इस बदलाव का असर उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान के कई इलाकों में भी इन दो दिनों के दौरान हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी मौसम का असर दिख सकता है। 18 मार्च के बाद 19 और 20 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बिहार में भी अगले सप्ताह कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश के आसार

पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 19 मार्च के बीच इन राज्यों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कुछ जगहों पर ओले पड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दोनों राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।














Leave a Reply