Delhi Traffic Diversion Today: राजधानी दिल्ली में आज शाम यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव और सख्त सुरक्षा इंतजाम लागू करने की घोषणा की है। कार्यक्रम स्थल के आसपास शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे, जिससे नई दिल्ली इलाके में लंबा जाम लग सकता है।
वीवीआईपी मूवमेंट के कारण बढ़ी सख्ती
समिट में नरेंद्र मोदी सहित कई देशों के प्रतिनिधि, राष्ट्राध्यक्ष और मंत्री शामिल हो रहे हैं। हाई-प्रोफाइल मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। शाम से वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही शुरू होगी, जो देर रात तक जारी रह सकती है। इस दौरान कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक रोका या मोड़ा जा सकता है।
किन इलाकों में हो सकती है परेशानी

ऑफिस टाइम के दौरान प्रतिबंध लागू होने से दफ्तर से लौटने वाले लोगों को भारी भीड़ और धीमी रफ्तार का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही नई दिल्ली क्षेत्र में प्रवेश करें और पहले से रूट प्लान कर लें।
इन सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा नियंत्रित
एडवाइजरी के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, विंडसर प्लेस, 30 जनवरी मार्ग, पृथ्वीराज रोड, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग और मथुरा रोड (लोधी फ्लाईओवर से भैरों मार्ग तक) पर आवाजाही सीमित रह सकती है।
इसके अलावा शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू, सत्या मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर भी जाम की स्थिति बन सकती है।
सुझाए गए वैकल्पिक रास्ते
यात्रियों को सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड, साउथ एवेन्यू रोड, वंदे मातरम मार्ग, बारापुला रोड, रिंग रोड, तिलक मार्ग, फिरोजशाह रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग और के. कामराज मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस बड़े आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। पूरे शहर में करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें से लगभग 5 हजार ट्रैफिक प्रबंधन और रूट डायवर्जन संभालेंगे।
यात्रियों से अपील है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचकर यात्रा करें।












Leave a Reply