AAP की बैठक में बड़ा दावा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी ने अपने सभी पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में बीजेपी पर निशाना साधते हुए AAP ने दावा किया कि दिल्ली में अस्थिर सरकार रहेगी और आगामी 5 साल में 3 मुख्यमंत्री बदले जाएंगे।
बीजेपी को सिर्फ 2% ज्यादा वोट मिले – गोपाल राय
AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी को आम आदमी पार्टी से केवल 2% ज्यादा वोट मिले, लेकिन चुनाव आयोग की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने फिर भी केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताते हुए 43% वोट दिए, जो हमारे लिए सुकून की बात है।
10 दिन बाद भी बीजेपी तय नहीं कर पाई मुख्यमंत्री – AAP
गोपाल राय ने कहा कि 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन बीजेपी अब तक यह तय नहीं कर पाई कि दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। पहले कहा गया कि पीएम के विदेश दौरे से लौटने के बाद फैसला होगा, लेकिन अब तक सिर्फ तारीख पर तारीख दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में पिछली बार 5 साल में 3 मुख्यमंत्री बदले गए थे और इस बार भी ऐसा ही होगा।
AAP निभाएगी मजबूत विपक्ष की भूमिका
AAP ने तय किया है कि वह विधानसभा में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी और बीजेपी को अपने चुनावी वादे पूरे करने के लिए मजबूर करेगी। इसके लिए संगठन को दोबारा मजबूत करने का फैसला लिया गया है। 19 तारीख को सभी विधानसभा क्षेत्रों के जिला सचिव और अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है।
नेता विपक्ष (LOP) का फैसला जल्द होगा
गोपाल राय ने कहा कि AAP निरंतर समीक्षा कर रही है और चरणबद्ध तरीके से संगठन को दोबारा मजबूत करेगी। जब सदन बुलाया जाएगा, तब नेता विपक्ष (LOP) का भी ऐलान कर दिया जाएगा।














Leave a Reply