दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख करोड़ का बजट पेश किया। इस बजट में बिजली, पानी, यमुना की सफाई, सीवर और सड़कों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। सीएम रेखा ने बताया कि दिल्ली के विकास के लिए बीजेपी सरकार ने किस तरह की योजनाएं बनाई हैं और कितने पैसे खर्च किए जाएंगे।
बिजली, पानी और यमुना सफाई के लिए 9,000 करोड़ का प्रावधान
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में हर नागरिक को स्वच्छ पानी और यमुना की सफाई उपलब्ध कराने के लिए 9,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बजट में टैंकरों में GPS लगाया जाएगा और वह एंड्रॉयड मोबाइल ऐप से जुड़े होंगे, जिससे पानी की आपूर्ति की निगरानी की जा सकेगी।

पानी की चोरी रोकने के लिए इंटेलिजेंट मीटर लगाए जाएंगे
सीएम ने पानी की आपूर्ति प्रणाली को सुधारने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रोजाना 1000 MGD पानी आता है, लेकिन वह जनता तक नहीं पहुंच पाता है और लीक हो जाता है। इसके समाधान के लिए 150 करोड़ रुपये का बजट इंटेलिजेंट मीटर लगाने के लिए आवंटित किया जाएगा, जिससे पानी की चोरी रोकी जा सकेगी।
यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ का प्रावधान
यमुना नदी की सफाई को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह उनकी प्राथमिकता है। यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से 250 करोड़ रुपये से पुरानी सीवर लाइनों की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा, नजफगढ़ नाले के रिनोवेशन के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
परिवहन संपर्क के लिए 1,000 करोड़ रुपये
सीएम ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बेहतर परिवहन संपर्क के लिए 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह धनराशि दिल्ली की सड़कों, सीवर प्रणाली और जलापूर्ति जैसी बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च की जाएगी। इस बढ़े हुए बजट के साथ, सरकार ने पूंजीगत व्यय को दोगुना कर 28,000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव किया है।
भ्रष्टाचार और अक्षमता के दौर का अंत
सीएम रेखा गुप्ता ने इसे एक ऐतिहासिक बजट करार दिया और कहा कि अब दिल्ली में भ्रष्टाचार और अक्षमता का दौर समाप्त हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल बाद दिल्ली में बजट प्रस्तुत किया है, और इससे पहले दिल्ली की सत्ता में आम आदमी पार्टी (आप) थी।











Leave a Reply