दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, जिस हुंडई i20 कार में धमाका हुआ, वह घटना से पहले सुनहरी मस्जिद के पास पार्किंग में करीब तीन घंटे तक खड़ी रही थी।
CCTV फुटेज से बड़ा सुराग
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार ने 10 नवंबर को दोपहर 3:19 बजे पार्किंग में प्रवेश किया और शाम 6:48 बजे निकली। महज चार मिनट बाद यानी 6:52 बजे सुभाष मार्ग लाल बत्ती पर कार में भीषण विस्फोट हुआ। इस धमाके में आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं।
दिल्ली दहली — 10 की मौत, 24 घायल
धमाके के बाद का मंजर बेहद भयावह था — सड़क पर शवों के टुकड़े बिखरे पड़े थे, कई वाहन जल गए। चश्मदीदों के अनुसार धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
संदिग्ध कार में ही था बैठा — किसी के निर्देश का इंतजार?
सूत्रों के मुताबिक, पार्किंग में कार का चालक बाहर नहीं निकला। संदेह है कि वह किसी के निर्देश का इंतजार कर रहा था या किसी से संपर्क में था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमाके में रिमोट कंट्रोल या टाइमर डिवाइस का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
UAPA और Explosives Act के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस घटना पर UAPA की धारा 16, 18,Explosives Act और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पहाड़गंज के एक होटल से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
आईईडी धमाके की पुष्टि, फरीदाबाद कनेक्शन की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह आईईडी बम ब्लास्ट था। शुरुआती जांच में पता चला है कि धमाके में अमोनियम नाइट्रेट, ईंधन तेल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया था। जांच यह भी संकेत दे रही है कि इस धमाके का लिंक फरीदाबाद में हाल में पकड़े गए आरोपियों से जुड़ा हो सकता है।
मुख्य बिंदु:
* कार 3 घंटे तक मस्जिद के पास पार्किंग में खड़ी रही
* 4 मिनट बाद ही हुआ जोरदार धमाका
* 10 लोगों की मौत, 24 घायल
* आईईडी धमाके की पुष्टि
* UAPA और Explosives Act के तहत केस दर्ज
* 4 संदिग्ध हिरासत में











Leave a Reply