नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम हुए भीषण कार ब्लास्ट के बाद दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और कई गाड़ियां जल गईं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
गृह मंत्री अमित शाह की आपात बैठक
घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर तपन डेका, एनआईए प्रमुख सदानंद वसंत, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात वर्चुअली शामिल हुए।
अधिकारियों ने धमाके की जांच की स्थिति पर विस्तार से रिपोर्ट पेश की।
घटनास्थल की जांच और सुरक्षा बढ़ाई गई
बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। दिल्ली पुलिस, एनएसजी और फोरेंसिक टीमों ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं।
एहतियातन लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 4 को बंद कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लाल किले में आम जनता की एंट्री फिलहाल रोक दी गई है।
UAPA की धाराओं में मामला दर्ज
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम – UAPA के तहत दर्ज किया है। जांच एजेंसियां विस्फोटक के प्रकार और हमले की मंशा को लेकर कई पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
देशभर में अलर्ट
दिल्ली के साथ-साथ मुंबई, लखनऊ, जयपुर, अहमदाबाद और भोपाल में भी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।











Leave a Reply