khabarhunt.in

खबर का शिकार

कोरोना फिर सक्रिय! 5 और मरीजों की मौत, एक्टिव केस 4 हजार के पार

कोरोना फिर सक्रिय! 5 और मरीजों की मौत, एक्टिव केस 4 हजार के पार

भारत में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों में इस महामारी से 5 लोगों की मौत हुई है। अब तक 4026 एक्टिव केस सामने आए हैं। ये मौतें केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में हुईं। मरने वाले सभी लोगों को पहले से ही कोई बीमारी थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोविड-19 के सक्रिय मामले बढ़कर 4026 हो गए हैं। महाराष्ट्र में कोविड-19 के 59 नए मामले सामने आए, जिनमें से 20 अकेले मुंबई से हैं।

महाराष्ट्र में 800 के पार एक्टिव केस

महाराष्ट्र में इस साल एक जनवरी से अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 873 हो गई है। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के 44 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 331 है। कर्नाटक में कोविड-19 के 87 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

बीते 24 घंटे में 5 मौतें

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बीते 24 घंटे में 5 लोगों की जान गई है। केरल में 80 साल के बुजुर्ग की मौत हुई। उन्हें निमोनिया, डायबिटीज, हाइपरटेंशन और हृदय रोग था। महाराष्ट्र में 70 और 73 साल की दो महिलाओं की मौत हुई, दोनों को डायबिटीज और हाइपरटेंशन था। तमिलनाडु में 69 साल की एक महिला की मौत हुई, उन्हें टाइप 2 डायबिटीज और पार्किंसन रोग था। पश्चिम बंगाल में 43 साल की एक महिला की मौत हुई। उन्हें एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम, सेप्टिक शॉक और एक्यूट किडनी इंजरी थी। इससे पहले दिल्ली में भी 60 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई थी। वो आंतों की बीमारी से जूझ रही थी। बाद में वह कोविड से संक्रमित हो गई।

कोविड संक्रमण पर क्या है ICMR का कहना

कोरोना का नया संक्रमण ओमिक्रॉन के NB.1.8.1 सब-वेरिएंट की वजह से फैल रहा है। ICMR ने कहा है कि यह स्ट्रेन तेजी से फैलता है, लेकिन इससे बीमारी हल्की होती है। इसके लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, थकान, सिरदर्द, बदन दर्द, नाक बहना और भूख न लगना शामिल हैं। ये लक्षण मौसमी फ्लू जैसे ही हैं।

वैक्सीन क्यों है जरूरी

कोविड वैक्सीन बेहद जरूरी है। यह न केवल भविष्य में कोविड-19 संक्रमण से बचाता है, बल्कि हर्ड इम्युनिटी बनाने में भी मदद करता है। हर्ड इम्युनिटी तब बनती है जब आबादी का एक बड़ा हिस्सा किसी बीमारी से सुरक्षित हो जाता है। इससे बीमारी का फैलना कम हो जाता है। SARS-CoV-2 वायरस स्थिर है, जिससे टीका बनाना आसान है।

केंद्र-राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट

कोरोना के मामले बढ़ने के बावजूद, स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से न घबराने की अपील की है। केंद्र और राज्य सरकारों ने एहतियाती उपाय बढ़ा दिए हैं। अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। वे बेड की उपलब्धता की समीक्षा कर रहे हैं और ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आपातकालीन संसाधनों का स्टॉक कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री जाधव ने क्या कहा

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि केंद्र किसी भी कोविड-19 आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि पिछली लहरों के दौरान बनाए गए स्वास्थ्य ढांचे, जैसे ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र और ICU बेड, की समीक्षा की गई है और उन्हें मजबूत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *