पहलगाम हमले के बाद भारतीय सुरक्षाबलों ने “ऑपरेशन सिंदूर” चलाया और आतंकवादियों को करारा जवाब दिया। यह ऑपरेशन भारत की ताकत और बदलते रुख का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। हालांकि अब इस ऑपरेशन को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस लगातार सरकार से सवाल पूछ रही है। इसी बीच कांग्रेस नेता अलका लांबा की जुबान फिसल गई और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की जगह “ऑपरेशन ब्लू स्टार” कह दिया। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। अब अलका लांबा ने भी जवाब दिया है, जिससे मामला और गरमा गया है।

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने जुबान फिसलने पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई गंभीर मुद्दे उठाए, जिन पर बीजेपी के नेताओं ने न सिर्फ ध्यान दिया, बल्कि एक-एक शब्द नोट भी किया। इसके लिए उन्होंने बीजेपी का तंज़ कसते हुए धन्यवाद भी दिया। अलका लांबा ने कहा कि अगर एक बार उनकी ज़ुबान से ऑपरेशन सिंदूर की जगह कुछ और निकल गया, तो बीजेपी ने उसी गलती को मुद्दा बना लिया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे बीजेपी को असली मुद्दों से ध्यान भटकाने और उन्हें निशाना बनाने का बहाना मिल गया हो। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि असली सवाल क्या हैं।

अलका लांबा ने ऑपरेशन सिंदूर पर मचे सियासी घमासान को लेकर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अगर मुझसे माफी की उम्मीद कर रही है, तो पहले उन्हें अपने नेताओं के बयानों पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी कर्नल सेफिया कुरैशी जैसी बहादुर महिला सेना अफसर पर गलत बयान देने वाले नेताओं से माफी मंगवाएगी? क्या शहीदों के परिवारों की महिलाओं का अपमान करने वालों को पार्टी से निकाला जाएगा और क्या उन्हें जेल भेजा जाएगा? इसके साथ ही अलका लांबा ने सरकार से पूछा कि संसद का विशेष सत्र कब बुलाया जाएगा और सर्वदलीय बैठक कब होगी?

कांग्रेस नेता अलका लांबा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अलका के बयान को “जुबान नहीं, मानसिकता की फिसलन” बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह कोई मासूम गलती नहीं बल्कि जानबूझकर की गई शरारत है। शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस का मकसद बार-बार सेना का मनोबल गिराना और देश को कमजोर करना है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सिर्फ जुबान फिसलना था, या फिर एक सोच का हिस्सा? उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मंजूनाथ, चन्नी और अब अलका लांबा के बयानों का जिक्र करते हुए कहा—”अब ऑपरेशन ब्लू स्टार?”













Leave a Reply