1.86 करोड़ परिवारों को मिला गैस सिलेंडर रिफिल का तोहफा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली से पहले बुधवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1.86 करोड़ परिवारों को बड़ी सौगात दी। सीएम योगी ने 1,890 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी कर इन परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ पहुंचाया। यह योजना लखनऊ के लोकभवन सभागार में बटन दबाकर शुरू की गई।
मंत्री सुरेश खन्ना की शादी पर सीएम योगी ने ली चुटकी
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को लेकर मजेदार टिप्पणी की। उन्होंने पुराने समय में गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर बात करते हुए कहा कि पहले कनेक्शन मिलना बेहद मुश्किल था। यहां तक कि 25-30 हजार रुपये घूस देने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलता था। त्योहारों के समय तो यह समस्या और भी गंभीर हो जाती थी।
सीएम योगी ने मजाकिया लहजे में कहा, “घर में बेलना से कौन मार खाए? इसलिए कुछ लोगों ने शादी ही नहीं की। खन्ना जी बेचारे यहीं बैठे हैं, क्योंकि उन्हें मालूम था कि अगर त्योहार के समय सिलेंडर खत्म हो गया और मेहमान आ गए, तो इज्जत दांव पर लग जाएगी।”
अब त्योहारों पर नहीं होगी गैस सिलेंडर की किल्लत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गैस सिलेंडर के लिए लोगों को पुलिस की मार तक खानी पड़ती थी। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन की सुविधा दी जा रही है। होली और दीपावली के अलावा इस बार रमजान के दौरान भी लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में इस अभियान की शुरुआत कर मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया था। अब किसी को त्योहारों पर गैस सिलेंडर की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, जिससे वे खुशी और उल्लास के साथ अपने पर्व मना सकेंगे।














Leave a Reply