समस्तीपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बाद समस्तीपुर जिले से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के झाखरा और शीतलपट्टी गांव में मतदान समाप्त होने के बाद वीवीपैट मशीन से निकलने वाली पर्चियां भारी मात्रा में फेंकी हुई पाई गईं। ग्रामीणों ने जब इन पर्चियों को देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
सूचना मिलते ही डीएम रौशन कुशवाहा और एसपी के साथ पूरा प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंचा। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी कुणाल कुमार और राजद प्रत्याशी अरविंद कुमार सहनी भी वहां पहुंचे और पूरी घटना की जांच की मांग की।
डीएम रौशन कुशवाहा ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सरायरंजन थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि दोषी चुनाव कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि ये पर्चियां आखिर कैसे बाहर आईं।
प्रशासनिक अधिकारी सभी मतदान केंद्रों से रिपोर्ट मंगवा रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और ऐसी कोई गड़बड़ी न हुई हो।















Leave a Reply