khabarhunt.in

खबर का शिकार

Belgium Princess Astrid: बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड का बिजनौर दौरा

Belgium Princess Astrid

पोटैटो प्रोसेसिंग प्लांट का करेंगी शिलान्यास

बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड दो मार्च को अपने देश के 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बिजनौर के महमूदपुर गंज गांव पहुंचेंगी। इस दौरे का उद्देश्य बेल्जियम भारत बिजनेस सीरीज के तहत दूसरे पोटैटो प्रोसेसिंग प्लांट का शिलान्यास करना है।

उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रहेगा शामिल

इस डेलिगेशन में बेल्जियम के उपप्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, कृषि मंत्री सहित शिक्षा और व्यापार जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

750 करोड़ की लागत से बनेगी तीन यूनिट

बिजनौर के चांदपुर मार्ग स्थित महमूदपुर गंज में 2019 में बेल्जियम की प्रसिद्ध आलू प्रोसेसिंग कंपनी ‘एग्रिस्टो’ मासा ने अपना पहला प्लांट स्थापित किया था। अब 750 करोड़ रुपये की लागत से तीन नई यूनिट स्थापित की जाएंगी, जिनमें आलू प्रोसेसिंग, वेजिटेबल प्रोसेसिंग, और आलू से जिन, व्हिस्की व वोडका का उत्पादन किया जाएगा।

वैश्विक स्तर पर होगी आपूर्ति

इस फैक्ट्री में आलू से फ्रेंच फ्राई, मैश पोटैटो, पोटैटो पाउडर और आलू चिप्स तैयार किए जाते हैं, जिन्हें फ्रांस, इंग्लैंड, जर्मनी, इटली सहित कई देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है।

किसानों को आलू की खेती के लिए प्रोत्साहन

बिजनौर और उसके आसपास के जिलों—अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, हापुड़—में गन्ने की खेती की प्रमुखता को देखते हुए एग्रेस्टो कंपनी किसानों को आलू की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। कंपनी किसानों के साथ बाय-बैक एग्रीमेंट कर उन्हें बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराती है और फसल तैयार होने पर नकद भुगतान के साथ आलू की खरीद भी करती है।

किसानों की आय में बढ़ोतरी

स्थानीय किसान शिवराज सिंह राणा के अनुसार, उन्होंने 50 बीघा खेत में एक हजार क्विंटल आलू की उपज ली, जिससे ढाई महीने में आठ लाख रुपये की शुद्ध आमदनी हुई।

रोजगार और निर्यात के नए अवसर

बिजनौर की डीएम जसजीत कौर ने कहा कि जिले में एग्रीकल्चर उत्पादों के निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। एग्रेस्टो कंपनी की इस पहल से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *