मानसून के बाद खुलेगा आम भक्तों के लिए रास्ता, निर्माण कार्य के चलते ट्रस्ट ने लिया फैसला। अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर में निर्माण कार्य अब भी तेजी से जारी है। हाल ही में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा और परिसर में आठ नवनिर्मित मंदिरों में मूर्तियों की स्थापना के बाद श्रद्धालुओं में दर्शन की उत्सुकता बढ़ी है, लेकिन राम मंदिर ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि भक्तों को छह मंदिरों के दर्शन मानसून समाप्त होने के बाद ही मिल पाएंगे।
निर्माण कार्य के चलते लगी पाबंदी
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर परिसर में अभी भारी निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें बड़ी मशीनें, क्रेन और भारी पत्थरों का उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा,
“हमारा धर्म है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें। जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह से नहीं हो जाता, तब तक आम दर्शन संभव नहीं हैं।”
राम दरबार और अन्य पूरक मंदिरों में प्रतिष्ठा
राम मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रथम तल पर राम दरबार सहित सात अन्य पूरक मंदिरों में देवताओं की मूर्तियों की प्रतिष्ठा की गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न करवाई थी।
मानसून के बाद दर्शन की संभावना
ट्रस्ट ने संकेत दिया है कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही, यानी अक्तूबर से पहले, श्रद्धालुओं को परकोटा क्षेत्र के छह मंदिरों में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। तब तक सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।















Leave a Reply