महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर विवाद तेज, कब्र हटाने की उठी मांग
महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद के वादी फलाहरी दिनेश शर्मा ने इस मामले पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि जो भी औरंगजेब की कब्र पर बुलडोजर चलाएगा, उसे 21 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
औरंगजेब देशद्रोही था, उसकी कब्र भारत में क्यों? – दिनेश शर्मा

फलाहरी दिनेश शर्मा ने कहा कि औरंगजेब ने भारत में कई मंदिरों को तोड़ा और बहन-बेटियों पर अत्याचार किए। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे व्यक्ति की कब्र भारत में क्यों होनी चाहिए? इसे यहां से हटा देना चाहिए और बुलडोजर चलाना चाहिए। शर्मा का कहना है कि औरंगजेब की कब्र पाकिस्तान या मक्का-मदीना में होनी चाहिए, न कि भारत में।
वीएचपी ने भी जताई आपत्ति, कहा- औरंगजेब की कब्र का अंत होगा
इससे पहले विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया था। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि भारत से औरंगजेब की कब्र और उसकी मानसिकता का पूरी तरह नाश कर दिया जाएगा। उन्होंने औरंगजेब द्वारा छत्रपति संभाजी महाराज पर किए गए अत्याचारों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति की कब्र भारत में नहीं रहनी चाहिए।
संभाजीनगर में स्थित है औरंगजेब का मकबरा
औरंगजेब की मौत के बाद उसके शव को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पहले औरंगाबाद) के खुल्ताबाद में दफनाया गया था। उसका मकबरा फिलहाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण में है। समय-समय पर यह मकबरा विवादों में आता रहा है, और अब फिल्म ‘छावा’ को लेकर यह एक बार फिर चर्चा में है।















Leave a Reply