Astrologer Rape Case Nashik Arrest: खुद को कॉस्मोलॉजी एक्सपर्ट और भविष्यवक्ता बताने वाला अशोक खरात, जिसे लोग ‘कैप्टन’ के नाम से जानते थे, को नासिक की सरकारवाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 35 वर्षीय महिला द्वारा दर्ज कराए गए रेप केस के बाद आरोपी की सच्चाई सामने आई और मामले ने पूरे महाराष्ट्र में सनसनी फैला दी।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें आरोपी के ऑफिस से कई चौंकाने वाले सबूत मिले। जांच के दौरान एक पेनड्राइव बरामद हुई, जिसमें 58 आपत्तिजनक वीडियो पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि इन वीडियो में कई महिलाओं के साथ-साथ कुछ चर्चित चेहरों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक, अशोक खरात ने अपने ‘ओकस प्रॉपर्टी डीलर एंड डेवलपर्स’ नाम के कार्यालय में छिपे हुए सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। शक है कि वह महिलाओं को भविष्य का डर दिखाकर या लालच देकर उनके साथ शोषण करता था और पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लेता था।
रसूखदार लोगों में बढ़ी चिंता
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के संपर्क कई प्रभावशाली नेताओं और सेलिब्रिटीज से थे। वह उनका भविष्य बताने के लिए जाना जाता था। अब नासिक क्राइम ब्रांच इस बात की पड़ताल कर रही है कि बरामद वीडियो में किन-किन लोगों की पहचान हो सकती है। इस खुलासे के बाद कई प्रभावशाली लोगों में बेचैनी देखी जा रही है।
कौन है अशोक खरात?
आरोपी का दावा है कि वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत रह चुका है और करीब 22 वर्षों तक कई देशों की यात्रा कर चुका है। रिटायरमेंट के बाद उसने ब्रह्मांड और उसकी उत्पत्ति पर अध्ययन करने का दावा किया और ज्योतिष में खुद को गोल्ड मेडलिस्ट बताया। वह खुद को ज्योतिष और अंकशास्त्र का जानकार बताता था। साथ ही, वह ‘शिवनिका ट्रस्ट’ का प्रमुख और ईशानेश्वर मंदिर के प्रबंधन से भी जुड़ा हुआ था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।













Leave a Reply