khabarhunt.in

खबर का शिकार

Anta By-Election 2025: मांगरोल में सीएम भजनलाल शर्मा और वसुंधरा राजे का भव्य रोड शो,बीजेपी ने दिखाई ताकत

बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रचार चरम पर है। बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मांगरोल कस्बे में जोरदार रोड शो कर बीजेपी की शक्ति का प्रदर्शन किया। सुभाष सर्किल से लेकर सीसवाली चौराहे तक निकले इस रोड शो में भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने जगह-जगह फूल बरसाकर नेताओं का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वसुंधरा राजे विशेष रथ पर सवार होकर जनता का अभिवादन करते नजर आए। उनके साथ पार्टी प्रत्याशी मोरपाल सुमन भी मौजूद रहे। रोड शो के दौरान उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। भीड़ देखकर दोनों नेता गदगद दिखे और कहा कि अंता की जनता ने एक बार फिर “कमल खिलाने” का मन बना लिया है।

सीएम शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि *“कांग्रेस की राजनीति झूठ और भ्रष्टाचार पर टिकी है। उन्होंने जनता से सिर्फ वादे किए, काम कुछ नहीं किया।” उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी सरकार जनता की भावनाओं और विकास की जरूरतों के प्रति संवेदनशील है।

मांगरोल के सीसवाली तिराहे पर मुख्यमंत्री शर्मा ने बीजेपी प्रत्याशी मोरपाल सुमन को विजयी माला पहनाकर जीत का संकल्प दिलाया। इस मौके पर आयोजित ‘विजय संकल्प यात्रा’ में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद दुष्यंत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

अंता उपचुनाव में बीजेपी की ओर से यह रोड शो शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता ने कांग्रेस की नाकामी को देखते हुए इस बार बीजेपी को पूरी तरह समर्थन देने का मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *