गौतमबुद्ध नगर ने फिर मारी बाजी, प्रदेश में दूसरे और देश में 13वें स्थान पर पहुंचा जिला
Delhi, Gurugram & Noida: उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक आय वाला जिला गौतमबुद्ध नगर एक बार फिर सुर्खियों में है। बैंक जमा के मामले में इस जिले ने न केवल प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वर्ष 2025 में अप्रैल से सितंबर के बीच जिले के निवासियों ने करीब 11,008 करोड़ रुपये बैंकों में जमा किए, जिससे यह देशभर में 13वें स्थान पर पहुंच गया।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की रिपोर्ट के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर के शहरी और ग्रामीण इलाकों के बैंक जमा आंकड़ों में स्पष्ट अंतर देखने को मिलता है। शहरी क्षेत्रों से जहां 9,797 करोड़ रुपये की जमा हुई, वहीं ग्रामीण इलाकों से 1,187 करोड़ रुपये बैंकों में पहुंचे। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर शहरी क्षेत्र देश में बैंक जमा के मामले में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्र 11वें पायदान पर दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर में कहां कितनी जमा राशि
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी गौतमबुद्ध नगर की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। बैंक जमा के मामले में नई दिल्ली 48,624 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। वहीं गुरुग्राम ने 22,809 करोड़ रुपये की जमा राशि के साथ छठा स्थान हासिल किया है। नोएडा, जो गौतमबुद्ध नगर का प्रमुख शहर है, 11,008 करोड़ रुपये की बैंक जमा के साथ एनसीआर में तीसरे नंबर पर है।
आर्थिक विकास से मजबूत हुआ बैंकिंग सेक्टर
क्षेत्र में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों का असर बैंकिंग क्षेत्र पर भी साफ दिखाई देता है। पिछले 20 वर्षों में बैंकिंग सेक्टर में रोजगार के अवसर लगभग दोगुने हो गए हैं। कर्मचारियों की संख्या 8.6 लाख से बढ़कर 18.1 लाख तक पहुंच चुकी है।
25 हजार से ज्यादा कंपनियों का केंद्र
गौतमबुद्ध नगर में इस समय करीब 25 हजार औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं, जो उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक हैं। हाल के वर्षों में आईटी और तकनीक आधारित कंपनियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।















Leave a Reply