अयोध्या: मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाई जाने वाली विवाह पंचमी इस बार विशेष रूप से ऐतिहासिक होने जा रही है। यह तिथि प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह दिवस के रूप में जानी जाती है। इसी शुभ अवसर पर अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
रामायण के अनुसार, त्रेता युग में इसी दिन सीता जी और भगवान श्रीराम का विवाह संपन्न हुआ था। यही कारण है कि मिथिलांचल और अयोध्या में यह तिथि ‘विवाह पंचमी’ के नाम से बड़ी श्रद्धा और उत्साह से मनाई जाती है।
ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की देखरेख में अंतिम चरण में हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं करेंगे। इस अवसर पर देशभर से साधु-संत, श्रद्धालु और विशेष अतिथि अयोध्या पहुंचेंगे।
मंदिर दर्शन के समय में बदलाव:
ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारियों के चलते श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन 24 नवंबर की शाम से बंद कर दिए जाएंगे। श्रद्धालु 26 नवंबर 2025 (बुधवार) सुबह 7 बजे से पुनः दर्शन कर सकेंगे।
अयोध्या प्रशासन और ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।















Leave a Reply