अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। निकाह की रस्म पूरी होने के महज़ एक घंटे बाद ही दूल्हे गुड्डू उर्फ परवेज आलम (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ ही देर पहले तक शादी की खुशियों से गूंज रहा घर अचानक मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा शहर के मोहल्ला नोगजा निवासी परवेज आलम की बारात शनिवार रात मोहल्ला बड़ा दरबार गई थी, जहां उनका निकाह बाबू की बेटी सायमा से हुआ। निकाह के बाद देर रात करीब दो बजे जब बारात वापस लौटी, तो दूल्हे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवारजन उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, फिर जोया रोड के निजी अस्पताल और बाद में मुरादाबाद रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने परवेज आलम को मृत घोषित कर दिया।
दूल्हे की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। नवविवाहिता सायमा यह खबर सुनकर बेहोश हो गई। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि मृतक का शरीर पीला पड़ा हुआ था, जिससे लोगों में कई तरह की चर्चाएं फैल गई हैं।
फिलहाल परिजनों ने बिना किसी पुलिस जांच के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने इस घटना की जानकारी से इनकार किया है।















Leave a Reply