khabarhunt.in

खबर का शिकार

उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी बोले – भौतिक विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी, जन वन महोत्सव में की बड़ी घोषणाएं

राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रामनगर पहुंचे, जहां उन्होंने वन विभाग उत्तराखंड की ओर से आयोजित जन वन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भौतिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को आजीविका और रोजगार से जोड़ने के लिए काम कर रही है।

पर्यावरण संरक्षण हमारी परंपरा का हिस्सा — सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धरती सदियों से संरक्षण और संवर्धन की संस्कृति से जुड़ी रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में बाघ, हाथी, स्नो लेपर्ड और अन्य वन्य जीवों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो यह दर्शाता है कि सरकार संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है।

“पर्यावरण संरक्षण हमारे संस्कारों में है। विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।” — सीएम पुष्कर सिंह धामी

62 नए डेस्टिनेशन और लकड़ी आधारित उद्योग नीति पर काम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार राज्य में 62 नए पर्यटन डेस्टिनेशन विकसित करने पर कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि राज्य में जल्द ही लकड़ी आधारित उद्योग नीति लाई जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

महिला समूहों और वन विभाग के स्टालों का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर महिला स्वयंसहायता समूहों और वन विभाग द्वारा लगाए गए 15 से अधिक स्टालों का निरीक्षण किया। इन स्टालों पर स्थानीय खाद्य उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्तुएं, वन्यजीव रेस्क्यू उपकरण, पर्यावरण से जुड़ी प्रदर्शनी और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई थी।

बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रदर्शनी

महोत्सव में स्कूल के बच्चों के लिए वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से जंगलों, वन्य जीवों और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा, कार्बेट निदेशक साकेत बडोला, वन सचिव रमेश कुमार सुधांशु, मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक आर.के. मिश्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री

रामनगर के बाद सीएम धामी राजकीय महाविद्यालय में स्काउट गाइड रोवर-रेंजर कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके पश्चात वे देहरादून के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *