khabarhunt.in

खबर का शिकार

विधानसभा सत्र में बोले सीएम धामी: उत्तराखंड में सौर खेती की शुरुआत, लैंड जिहाद से मुक्त भूमि का होगा जनहित में उपयोग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कहा कि उत्तराखंड आज हरित ऊर्जा उत्पादन में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी और पौड़ी जैसे पहाड़ी जनपदों में खाली पड़ी भूमि पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाए जा रहे हैं, जिससे राज्य में सोलर खेती की दिशा में नया अध्याय शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के भविष्य के लिए एक बेहतरीन कदम है और इसी दिशा में कार्य करने के लिए यूपीसीएल को केंद्र सरकार से सम्मान भी मिला है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन को दोहराया कि “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।” उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास में मातृशक्ति की भूमिका सबसे अहम है। आज राज्य में 207 पैथोलॉजी जांच निःशुल्क की जा रही हैं और स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लैंड जिहाद पर की गई कड़ी कार्रवाई के चलते 9000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है। इस भूमि का उपयोग सरकार सार्वजनिक हित और विकास कार्यों के लिए करेगी।

मदरसों के आधुनिकीकरण पर बोलते हुए सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि शिक्षा के नाम पर किसी को भी कबीलाई मानसिकता की ओर नहीं धकेला जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की, जबकि वर्तमान सरकार ने सिख, जैन, पारसी, ईसाई और बौद्ध समुदायों को भी समान अधिकार दिलाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान को तुष्टीकरण की राजनीति ने जो कलंकित किया था, वर्तमान सरकार ने उस कलंक को मिटाने का कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *