khabarhunt.in

खबर का शिकार

बिहार चुनाव से पहले ललन सिंह के बयान से मचा बवाल — ‘घर से उसी को निकलने दो जो हमारे पक्ष में वोट करे’

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह एक विवाद में घिर गए हैं। मोकामा में दिए गए उनके एक भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं — “घर से उसी को निकलने दो जो हमारे पक्ष में वोट करे।”

यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्षी दलों ने इस पर चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। विवाद बढ़ने पर चुनाव आयोग ने पहले ललन सिंह को नोटिस जारी किया और अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

राजद ने साधा निशाना
आरजेडी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा —

> “केंद्रीय मंत्री ललन सिंह खुलेआम कह रहे हैं कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से बाहर नहीं निकलने देना है। अगर ज्यादा जिद करे तो उसे पकड़कर अपने साथ ले जाकर वोट डालवाना है।”

राजद ने इस बयान को लेकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। वहीं कांग्रेस ने भी एक्स पर ललन सिंह का वीडियो साझा करते हुए लिखा —

> “मोदी सरकार के मंत्री ललन सिंह खुले तौर पर कह रहे हैं कि जो भाजपा-जदयू के खिलाफ वोट करना चाहता है, उसे घर से बाहर मत निकलने दो।”

इस बयान के बाद विपक्षी पार्टियों ने एनडीए पर मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है, जबकि जदयू खेमे की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *