khabarhunt.in

खबर का शिकार

पटना में पीएम मोदी का भव्य रोड शो — छतों से हुई आरती, फूलों की बारिश में नहाया शहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना में रोड शो जोरदार उत्साह के बीच शुरू हुआ। दोपहर से ही सड़कों पर भारी भीड़ जुटने लगी थी। लोग अपने घरों की बालकनियों और छतों से प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए आरती उतारते दिखे। रोड शो के रास्ते में जगह-जगह “मोदी-मोदी” के नारे गूंजते रहे और फूलों की बारिश होती रही।

दिनकर गोलंबर से उद्योग भवन तक 2.8 किमी लंबा रोड शो

पीएम मोदी का रोड शो दिनकर गोलंबर से शुरू होकर नाला रोड, ठाकुरबाड़ी रोड, बारी पथ और बाकरगंज होते हुए उद्योग भवन तक गया। करीब 2.8 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के मार्ग पर 10 स्वागत मंच तैयार किए गए थे। पूरे रास्ते को दीपावली की तरह रोशनी और झंडियों से सजाया गया था।

कार्यक्रम में दिखे भाजपा नेता, नीतीश रहे नदारद

इस बार रोड शो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नजर नहीं आए। उनकी जगह जदयू कोटे से केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह प्रधानमंत्री के साथ रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और पटना के सभी भाजपा प्रत्याशी भी रोड शो में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की जिम्मेदारी बांकीपुर विधायक नितिन नवीन को दी गई थी।

ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक रंगों से सजा रोड शो

10 स्थानों पर पारंपरिक ढोल-नगाड़े और बिहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। महिलाओं ने सामा-चकेवा जैसे लोकनृत्य और पारंपरिक गीतों से बिहार की संस्कृति की झलक पेश की। जगह-जगह महिलाएं पीएम की आरती उतारती नजर आईं।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 2000 से अधिक जवान तैनात

रोड शो को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए। लगभग 2000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई।
भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए रूट में कई बदलाव किए गए। कदमकुआं से दरियापुर तक का रास्ता बंद किया गया, जिससे आम नागरिकों को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा।

नवादा और आरा में की जनसभाएँ, आज जाएंगे गुरुद्वारा

रोड शो से पहले प्रधानमंत्री ने नवादा और आरा में जनसभाएँ कीं, जहाँ उन्होंने महागठबंधन पर तीखे हमले किए और एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में वोट की अपील की। आज शाम प्रधानमंत्री गुरुद्वारा भी जाएंगे, जबकि 3 नवंबर को कटिहार में एक और जनसभा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *