जयपुर/भरतपुर:राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत देने का निर्णय लिया है। आज शनिवार, 18 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि ट्रांसफर करेंगे।
इस योजना के तहत इस बार किसानों को कुल 717.96 करोड़ रुपय वितरित किए जाएंगे। वितरण कार्यक्रम दोपहर तीन बजे भरतपुर के नदबई में आयोजित किया जाएगा। इस योजना से राजस्थान के लगभग 71.8 लाख किसान लाभान्वित होंगे। इस चौथी किस्त के तहत प्रत्येक किसान के खाते में 1,000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।
सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि राज्य सरकार हमेशा अन्नदाताओं के हितों का ध्यान रखती है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत पिछले 21 महीनों में कुल 8,386 करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
यह योजना वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई थी। इसके अंतर्गत किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये वितरित किए जाते हैं, जो तीन अलग-अलग किस्तों में किसानों को मिलते हैं। इस योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
इस वर्ष 2 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने इस योजना की 20वीं किस्त के तहत 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपये वितरित किए थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के इस निर्णय से राजस्थान के किसानों को वित्तीय मजबूती मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।












Leave a Reply